Delhi Drowning Accident: तिमारपुर इलाके में यमुना नदी में नहाने के दौरान 13 साल के दो बच्चे डूब गए। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव नदी से बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक मृतक बच्चे की पहन दक्ष के तौर पर हुई है, जबकि प्रताप की तलाश जारी है। दिल्ली बोट क्लब इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह गोताखोर की टीम फिर से सर्च ऑपरेशन चलाएंगी।
दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि, 15 वर्ष से कम आयु के छह नाबालिग यमुना नदी के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान नहाते वक्त उनमें से दो बच्चे नदी में डूब गए हैं। दोपहर लगभग 2 बजे तिमारपुर पुलिस गोताखोर टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान के दौरान एक 13 वर्षीय नाबालिग दक्ष को खोज निकाला गया। उसे तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे किशोर प्रताप की तलाश जारी है।






















