Delhi Dehradun Expressway: बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे को जनता को समर्पित किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बेहद खास और शुभ है। देश के लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ भारत-रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को देश को समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली की जरूरतों को समझते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा परिवहन मंत्रालय के तहत दिल्ली में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं, जो राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को लगभग 6 से 7 घंटे से घटाकर मात्र 2 से 2.5 घंटे कर देगा। उन्होंने इसे केवल दूरी कम करने वाला प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया। उन्होंने कहा कि देश में एक्सप्रेस-वे और हाई-स्पीड कॉरिडोर का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है, जो 3,000 किमी से अधिक हो चुका है, वहीं नेशनल हाईवे नेटवर्क भी लगभग 51,000 किमी से बढ़कर 1,46,000 किमी तक पहुंच गया है। यह देश में बुनियादी ढांचे के तीव्र विकास का प्रमाण है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही दिल्लीः सीएम
मुख्यमंत्री ने ‘डबल इंजन सरकार’ की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर तालमेल से दिल्ली तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रही है। कई प्रमुख सड़कों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपा गया है, जिससे उनका बेहतर रखरखाव और विकास संभव हो सकेगा। लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से मुनक नहर पर बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना से ट्रैफिक और सुगम होगा और जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। दिल्ली सरकार अब जमीनी स्तर पर काम करते हुए हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में दिल्ली निरंतर प्रगति कर रही है और आने वाले समय में नई परियोजनाओं और नीतियों के माध्यम से राजधानी को और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप दिल्ली विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
Also Read: एजिंग देशों में हेल्थकेयर की बढ़ती मांग, भारतीय युवाओं के लिए बड़ा मौका: एलजी संधू























