Delhi : दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को कॉन्स्टेबल बताने वाला एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर आखिरकार नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस के हत्थे चढ़ गया। डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि जिले की AATS टीम ने इस युवक को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह करावल नगर इलाके में पुलिस पिकेट के आसपास घूम रहा था।
आरोप है कि वह दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों से वसूली करता था। आरोपी नंद नगरी एसडीएम कार्यालय में तैनात बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मंडोला गांव निवासी शाहरुख खान (26) के रूप में हुई है।
इसके कब्जे से दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की वर्दी बरामद की गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं इस वसूली गिरोह में स्थानीय पुलिसकर्मी या अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। डीसीपी राहुल अलवाल के अनुसार, 28 जून की रात करीब 9:40 बजे एएटीएस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली थी कि नंद नगरी एसडीएम कार्यालय में तैनात दिल्ली सिविल डिफेंस का एक वॉलंटियर करावल नगर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर पिकेट के पास पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मचारी बता रहा है।
पूछताछ के बाद आरोपी की फर्जी पहचान का पर्दाफाश
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। करीब 9:50 बजे टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम कॉन्स्टेबल शाहरुख खान बताते हुए करावल नगर थाने में तैनात होने का दावा किया। हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि करावल नगर थाने में इस नाम का कोई भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं है।
थाने में पूछताछ के बाद आरोपी की फर्जी पहचान का पर्दाफाश हो गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मुख्य रूप से दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को निशाना बनाकर उनसे वसूली करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ करावल नगर थाने में बीएनएस की धारा 204 और 205 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : Delhi के कनॉट प्लेस स्थित परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की 7 गाड़ियां


Download Android App
Download iOS App




