दिल्ली सरकार शहर में प्रदूषण के स्रोतों का पता लगाने के लिए पूरे साल वायु गुणवत्ता अध्ययन करेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि इलाके और समय के हिसाब से प्रदूषण का स्रोत अलग होता है। यहां दिल्ली सरकार के तीन साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसी मशीनों की खरीदारी करने की योजना बना रही है जो किसी भी समय में प्रदूषण के स्रोतों का पता लगा सकती हैं। सरकार इसके अनुरूप काम करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के मुख्य सचिव प्रस्तावित अध्ययन के संबंध में एक रिपोर्ट तथा एक सप्ताह में ये मशीनें खरीदने की योजना के बारे में रिपोर्ट पेश करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पूरे साल प्रदूषण फैलाने वाले विभिन्न स्रोतों को देखते हुए हम साल भर का एक अध्ययन करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी में धूल प्रदूषण की जांच के लिए 500 किलोमीटर सड़कों के किनारों के सौंदर्यीकरण का काम करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए हम बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाएंगे।’’ केजरीवाल ने कहा जो एजेंसियां अपने काम के लिए सड़कों की खुदाई करती हैं उन्हें सड़कों की मरम्मत का काम भी करना होगा। इससे दिल्ली में धूल से होने वाले प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिलेगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



