दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण के खिलाफ सोमवार से महा अभियान की शुरुआत करेगी। यह बात दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सोमवार सुबह 11 बजे एक अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने ट्वीट किया, “कल सुबह 11:00 बजे दिल्ली सचिवालय में पर्यावरण, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली नगर निगम, यातायात पुलिस, परिवहन के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक होगी।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “ दिल्ली के मुख्यमंत्री प्रदूषण के खिलाफ कल से अभियान की शुरुआत करेंगे।” हाल ही में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के साथ एक बैठक में राय ने कहा था कि दिल्ली के आसपास 11 ताप बिजली घर और 1,900 से अधिक ईंट भट्टे हैं जिन्हें दिसंबर 2019 तक ही अपनी पुरानी तकनीकों में बदलाव करने को कहा गया था।
राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह के 1,640 से अधिक ईंट भट्ठे हैं जबकि हरियाणा में 161 और राजस्थान में 164 भट्ठे हैं। उन्होंने कहा, “ये सभी दिल्ली के वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में से एक हैं।” मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर के साथ बैठक के दौरान शहर में पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए अपनी योजना पेश की।


Download Android App
Download iOS App



