दिल्ली लक्ष्मी योजना में केवल 7 दिनों में 5.14 लाख से अधिक हुए पंजीकरण: रेखा गुप्ता

Summary :

Delhi Lakshmi Yojana : दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को राजधानी की महिलाओं का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। गत 1 अगस्त से शुरू हुई योजना के शुभारंभ के केवल 7 दिनों के भीतर ही पांच लाख से अधिक महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया है, जबकि दो लाख से अधिक आवेदन अंतिम रूप से जमा (फाइनल सबमिट) किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना को लॉन्च के महज सात दिनों में मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन अपने आप में ऐतिहासिक है। किसी भी सरकारी योजना में इतने कम समय में इतने…

Delhi Lakshmi Yojana : दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को राजधानी की महिलाओं का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। गत 1 अगस्त से शुरू हुई योजना के शुभारंभ के केवल 7 दिनों के भीतर ही पांच लाख से अधिक महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया है, जबकि दो लाख से अधिक आवेदन अंतिम रूप से जमा (फाइनल सबमिट) किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना को लॉन्च के महज सात दिनों में मिल रहा अभूतपूर्व जनसमर्थन अपने आप में ऐतिहासिक है। किसी भी सरकारी योजना में इतने कम समय में इतने बड़े पैमाने पर पंजीकरण होना एक रिकॉर्ड है। ये आंकड़े योजना के प्रति महिलाओं के बढ़ते विश्वास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए दिल्ली सरकार की पहल को मिल रही व्यापक स्वीकृति को दर्शाता है।

दिल्ली की शनिवार दोपहर तक दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत कुल 5,14,460 महिलाओं के आवेदन पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें से 4,36,316 पंजीकृत लाभार्थियों ने अपना जिला/विधानसभा क्षेत्र दर्ज कर दिया है, जबकि 78,144 लाभार्थियों ने अभी तक अपना जिला/विधानसभा क्षेत्र दर्ज नहीं कराया है। वहीं, कुल 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा (फाइनल सबमिट) हो चुके हैं।

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत जिलावार पंजीकरण में नॉर्थ-ईस्ट जिला 73,676 पंजीकरणों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद नॉर्थ-वेस्ट जिले में 55,700 और वेस्ट जिले में 44,358 पंजीकरण हुए हैं। वहीं, नई दिल्ली जिले में 5,573 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं, जो जिलों में सबसे कम हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का जो संकल्प लिया था, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। दिल्ली लक्ष्मी योजना को जिस उत्साह और विश्वास के साथ महिलाओं ने अपनाया है, वह इस बात का प्रमाण है कि यह योजना लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है।

उन्होंने कहा कि इतने कम समय में रिकॉर्ड संख्या में पंजीकरण होना दिल्ली की माताओं-बहनों के सरकार और योजना के प्रति विश्वास को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को बचत, डिजिटल वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा और दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता से जोड़ना है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पहुंचे।

उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 73, 676 पंजीकृत

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 73,676 पंजीकृत उपयोगकर्ताओं ने अपना जिला दर्ज किया है, जिनमें से 38,579 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी जिले में 55,700 पंजीकृत उपयोगकर्ताओं में से 34,545, पश्चिमी जिले में 44,358 में से 18,967, दक्षिण-पश्चिमी जिले में 44,149 में से 23,994, बाहरी उत्तर जिले में 39,401 में से 23,694, दक्षिण-पूर्वी जिले में 38,979 में से 18,725, उत्तरी जिले में 37,263 में से 16,074, पूर्वी जिले में 30,621 में से 14,771, दक्षिणी जिले में 26,316 में से 11,000, मध्य-उत्तरी जिले में 14,279 में से 6,332, मध्य जिले में 13,715 में से 4,208, पुरानी दिल्ली जिले में 12,286 में से 6,038 और नई दिल्ली जिले में 5,573 में से 1,801 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं।

Sumant Chaudhary