देश में कोरोना की दूसरी लहर से हालात इस कदर खराब हो चले हैं कि डॉक्टर्स पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में 35 वर्षीय डॉक्टर का शव उनके घर की छत से लटकता पाया गया। वह एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर पुलिस थाने को शुक्रवार रात को सूचना मिली।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस मालवीय नगर में इमारत की दूसरी मंजिल पर पहुंची तो उसने एक व्यक्ति को साड़ी से बनाए गए फंदे से लटकता पाया। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान विवेक राय के रूप में हुई जो पेशे से डॉक्टर थे। राय साकेत के मैक्स अस्पताल में कार्यरत थे और मालवीय नगर में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। पुलिस ने कहा कि कमरे की तलाशी लेने पर एक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाए गए थे। कथित तौर पर राय द्वारा लिखे गए इस पत्र में उन्होंने अपने सभी परिचितों के लिए शुभकामनाएं लिखीं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर डॉक्टर राय की खुदकुशी से जुड़ी वजह को बताते हुए डॉक्टर कफील खान का कुछ और कहना है। डॉक्टर कफील खान का पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर संवेदना जताते हुए लिखा, “दिल्ली के रेजिडेंट डॉक्टर ने आज आत्महत्या कर ली। डॉक्टर पिछले एक महीने से कोविड-19 वार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। उनसे रोजाना कई लोगों को अपनी लाख कोशिशों के बाद मरते देखा ना जा सका। यार विवेक आप तो अपने गोरखपुर के हो आप को इतनी जल्दी हार नहीं माननी चाहिए थी, बहुत मिस करंगा मेरे भाई। “

डॉक्टर कफील खान के इस पोस्ट पर लोग डॉक्टरों से घातक कदम नहीं उठाने का आग्रह कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि चुनौतीपूर्ण समय में उनका मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें थोड़ा ब्रेक दिया जाए।


Download Android App
Download iOS App



