दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण प्रबंधन सहित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विभिन्न विभागों की चल रही और आगामी परियोजनाओं का विवरण मांगा है। यह जानकारी सूत्रों ने मंगलवार को दी।ओबेरॉय गत 22 फरवरी को शहर की महापौर चुनी गई थीं और उन्होंने उसी दिन कार्यभार संभाल लिया था।
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘महापौर ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर एमसीडी के विभिन्न विभागों से चल रहे कार्यों और परियोजनाओं और नियोजित परियोजनाओं की स्थिति के बारे में सभी विवरण मांगे हैं।’’ महापौर चुने जाने के कुछ ही समय बाद ओबेरॉय ने कहा था कि आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाला नगर निगम अगले तीन दिनों में लैंडफिल साइट का निरीक्षण करेगा और 4 दिसंबर के एमसीडी चुनाव से पहले पार्टी की 10 गारंटी को पूरा करने के लिए काम करेगा।
महापौर ने जन स्वास्थ्य, बागवानी, इंजीनियरिंग, स्वच्छता और पर्यावरण प्रबंधन सेवाओं और शिक्षा सहित अन्य विभागों से जानकारी मांगी है। सूत्रों ने कहा कि विभागों द्वारा आने वाले कुछ दिनों में जानकारी देने की उम्मीद है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब एमसीडी के निर्णय लेने वाले सर्वोच्च निकाय स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है। अब महापौर निर्वाचित होने के साथ ही एमसीडी बजट 2023-24 के शेष हिस्से को नगर निगम सदन द्वारा पारित किए जाने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



