Delhi : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र का व्यापक दौरा कर निर्माणाधीन परियोजनाओं, बाजारों और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के उपायुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। आयुक्त संजीव खिरवार ने अपने दौरे की शुरुआत विश्वास नगर स्थित पुराने जोनल कार्यालय भवन से की, जहां निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने और तय समय पर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कड़कड़डूमा मार्केट का निरीक्षण कर अधिकारियों को पूरे बाजार के समग्र पुनर्विकास के लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने को कहा।
योजना में बुनियादी सुविधाओं को किया जाए शामिल
उन्होंने निर्देश दिए कि योजना में सड़क, स्ट्रीट लाइट, सीवर नेटवर्क, पार्किंग, जल निकासी, हरित पट्टियां और अन्य बुनियादी सुविधाओं को शामिल किया जाए, ताकि बाजार को आधुनिक और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके। आयुक्त संजीव खिरवार ने आनंद विहार स्थित ऋषभ विहार मार्केट का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार जल्द करने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में उन्होंने कड़कड़ी मोड़ स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट साइट का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि वैकल्पिक स्थल उपलब्ध होने तक वर्तमान साइट का संचालन सभी पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। साथ ही धूल नियंत्रण, स्वच्छता, सुरक्षा और अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संजीव खिरवार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य राजधानी के नागरिकों को बेहतर और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके लिए सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उनके प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर खुला दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर, पर्यावरण संरक्षण पर मिलेगा जागरूकता का संदेश


Download Android App
Download iOS App




