दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई ट्रेनों की रफ्तार, पीक आवर्स में अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को राहत

Summary :

Delhi Metro News : यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने अपने पूरे नेटवर्क पर ट्रेन सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी की है। 16 सितंबर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत मेट्रो ने अतिरिक्त ट्रेनें और ट्रिप बढ़ाने के साथ स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की है। डीएमआरसी के मुताबिक 16 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर 20 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की गईं। अगले दिन 17 सितंबर को भी 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं और अतिरिक्त ट्रिप की संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई। वहीं, यात्रियों…

Delhi Metro News : यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने अपने पूरे नेटवर्क पर ट्रेन सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी की है। 16 सितंबर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत मेट्रो ने अतिरिक्त ट्रेनें और ट्रिप बढ़ाने के साथ स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की है। डीएमआरसी के मुताबिक 16 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर 20 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की गईं। अगले दिन 17 सितंबर को भी 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं और अतिरिक्त ट्रिप की संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई।

वहीं, यात्रियों की मांग बढ़ने पर 18 सितंबर को 38, 19 सितंबर को 50 और 20 सितंबर को 43 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की गईं। इन तीनों दिनों में 8 अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई गईं। इसके बाद 21 सितंबर को सेवाओं में और इजाफा करते हुए 10 अतिरिक्त ट्रेनें और 44 अतिरिक्त ट्रिप चलाई गईं। वहीं, 22 सितंबर को परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुसार 10 अतिरिक्त ट्रेनें और 39 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की गईं।

आवाजाही सुगम बनाने के लिए 40 से अधिक अतिरिक्त कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट तैनात किए

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और स्टेशनों पर आवाजाही सुगम बनाने के लिए डीएमआरसी ने 40 से अधिक अतिरिक्त कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट (सीएफए) तैनात किए हैं। इसके अलावा नेटवर्क के विभिन्न स्टेशनों पर करीब 17 अतिरिक्त टिकट ऑफिस मशीनें/टिकटिंग काउंटर भी चालू किए गए हैं। इस बीच, यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में सर्वाधिक यात्रियों के सफर का नया रिकॉर्ड भी बनाया। 17 सितंबर 2026 को 82,44,903 यात्रियों ने मेट्रो से यात्रा की, जो 8 अगस्त 2025 के 81,87,674 यात्रियों के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है।

डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मांग के अनुसार ट्रिप बढ़ाई जा रही हैं। विशेष रूप से पीक आवर्स में अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।

Sumant Chaudhary