दिल्ली मेट्रो में 15 अगस्त से पहले बढ़ी सुरक्षा, यात्रियों की 2 बार होगी चेकिंग, स्टेशनों पर लग सकती है लंबी लाइन

Summary :

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि 9 अगस्त 2026 से 16 अगस्त 2026 तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा जांच और सघन की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजार किए जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों को 16 अगस्त 2026 तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सख्त सुरक्षा जांच की जाएगी। इसलिए DMRC ने यात्रियों को सलाह दी है कि सोमवार से सभी यात्री थोड़ा अतिरिक्त समय निकालकर घर से निकलें, ताकि अपने डेस्टिनेशन पहुंचने में देरी न हो। इस दौरान स्टेशनों पर लंबी-लंबी लाइनें लग सकती हैं।

पीक आवर्स में मेट्रो स्टेशनों पर लगेगी लंबी लाइनें

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि “15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों को देखते हुए, CISF 9 अगस्त 2026 (रविवार) से सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा जांच और सघन करेगी। इस वजह से, 16 अगस्त 2026 (रविवार) तक, खासकर पीक आवर्स के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर लंबी लाइनें लग सकती हैं। इसलिए, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं और इन दिनों में आने-जाने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर चलें। यात्रियों से अनुरोध है कि सुरक्षा जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें।

दो बार होगी सुरक्षा जांच

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सामान्य दिनों में मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एक बार जांच होती है, लेकिन अब मेटल डिटेक्टर से गुजरने से पहले और बाद में यानी दो बार सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया गया है, जिसकी वजह से स्टेशनों पर चेकिंग में थोड़ा अधिक समय लग सकता है।

DMRC और CISF ने बढ़ाई निगरानी

Delhi Metro Tighten Security Checks
Delhi Metro Tighten Security Checks (Image- Social Media)

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किसी भी अनहोनी से बचने के लिए DMRC ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा पक्की करना है। साथ ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) यह सुनिश्चित करेगा कि सभी सुरक्षा नियमों का पूरी सख्ती से पालन हो।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।