NCR के संतुलित विकास के लिए राज्यों को मिलकर करना होगा गंभीर प्रयास : CM रेखा गुप्ता

Summary :

Delhi-NCR : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के समग्र एवं संतुलित विकास व वहां के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए NCR से जुड़े सभी राज्यों को मिलकर गंभीर और सतत प्रयास करने होंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ये विचार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) की 42वीं बैठक में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास की गति तभी तेज होगी, जब सभी राज्य समन्वित दृष्टिकोण के साथ कार्य करेंगे। ऐसा करने से विकास के लाभ एनसीआर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचेंगे।…

Delhi-NCR : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के समग्र एवं संतुलित विकास व वहां के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए NCR से जुड़े सभी राज्यों को मिलकर गंभीर और सतत प्रयास करने होंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ये विचार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) की 42वीं बैठक में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास की गति तभी तेज होगी, जब सभी राज्य समन्वित दृष्टिकोण के साथ कार्य करेंगे। ऐसा करने से विकास के लाभ एनसीआर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचेंगे। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि NCR क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित राज्यों को संयुक्त रूप से कार्य करना होगा, ताकि क्षेत्र में समुचित विकास सुनिश्चित हो सके और नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर बने। दिल्ली सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से कार्य कर रही है।

परिवहन और कनेक्टिविटी का लगातार हो रहा विस्तार

इसी प्रकार NCR के अन्य राज्यों को भी विकास की दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे, जिससे दिल्ली पर बढ़ते जनसंख्या दबाव को कम किया जा सके और क्षेत्रीय संतुलन स्थापित हो। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि यह संतोष का विषय है कि NCR क्षेत्र में परिवहन और कनेक्टिविटी का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हुई है। इस दिशा में सभी राज्यों को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे, ताकि NCR का कोई भी क्षेत्र बेहतर संपर्क सुविधाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के अतिरिक्त हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी वर्तमान में समान विचारधारा वाली सरकारें बेहतर समन्वय से कार्य कर रही हैं, जनता के हित, राज्य और विकास को प्राथमिकता दे रही हैं। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है और राज्यों के बीच समन्वय पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुआ है।

प्रदूषण से निपटने के लिए चारों राज्यों को मिलकर करने होंगे ठोस प्रयास

CM रेखा गुप्ता ने बैठक में NCR क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण केवल वर्तमान पीढ़ी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और भविष्य से भी जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। यह एक गंभीर और साझा चुनौती है, जिससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चारों राज्यों को मिलकर दीर्घकालिक और ठोस प्रयास करने होंगे। यदि सभी राज्य प्रदूषण नियंत्रण के लिए समान नीति, आधुनिक तकनीक और उपयुक्त संसाधनों का समन्वित उपयोग करें तो इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें : Delhi-NCR में 5000 करोड़ में बसेंगी 4 नई ‘Namo City’, राज्यों से मांगे गए प्रस्ताव

Avinay