Delhi NCR Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज यानी सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से बादल छाए रहने के बाद करीब 11 बजे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि दिन के समय भी कई जगह अंधेरा जैसा नजारा दिखाई दिया। लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा।
दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी कई जगह तेज बारिश हुई। कुछ इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से ज्यादा समय लगा। बारिश के दौरान विजिबिलिटी भी कम हो गई। कई वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ी। मौसम में अचानक बदलाव के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास जलभराव
बारिश शुरू होने के कुछ ही देर बाद न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास पानी जमा हो गया। जलभराव की वजह से पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पार करने और मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी हुई। स्थानीय स्तर पर सामने आई तस्वीरों में सड़कों पर पानी जमा दिखाई दिया। दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी बारिश के बाद ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। कहीं सड़क पर पानी भर गया तो कहीं जाम के कारण वाहन रेंगते नजर आए।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा के फरीदाबाद में भी तेज बारिश हुई। बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर पानी जमा होने लगा। पानी की निकासी में समय लगने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में एक साथ बारिश होने से सुबह और दोपहर के बीच यातायात व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
मौसम विभाग ने पहले ही जारी किया था अनुमान
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार, राजधानी और इससे सटे इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था। तापमान की बात करें तो दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान था। बारिश के कारण मौसम में ठंडक महसूस हुई और गर्मी से भी कुछ राहत मिली।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन के दौरान मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। राजधानी के रिज इलाके में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री, लोधी रोड में 27.4 डिग्री और आयानगर में 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में भी हुई बारिश
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 3.4 मिमी, पालम में 10.6 मिमी और लोधी रोड में 2.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
फिलहाल दिल्ली-NCR में बारिश के कारण मौसम सुहावना हुआ है, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों के सामने अब सड़कों से पानी निकालने और यातायात व्यवस्था सामान्य रखने की चुनौती है।
यह भी पढ़ें: इहबास ने मरीजों की देखभाल व चिकित्सा शिक्षा की क्षेत्र में उठाया बड़ा कदम



Download Android App
Download iOS App




