Delhi : आउटर-नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट शाहबाद डेयरी इलाके में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता के पड़ोस में ही रहने वाले 25 वर्षीय आरोपी ने मासूम को बहाने से बुलाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। डीसीपी (आउटर-नॉर्थ) शोभित डी सक्सेना ने बताया कि इस बाबत केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
आगे मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक पांच वर्षीय पीड़िता अपने परिवार सहित शाहबाद डेयरी इलाके में रहती है।पीड़िता के माता-पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को पीड़िता इमारत के हॉल में खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी पड़ोसी वहां आया वह बच्ची को बिस्कुट दिलाने का झांसा देकर अपने साथ कमरे में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए बच्ची को नहला दिया। इसके बाद कई थप्पड़ मारा और घटना के बारे में किसी को बताने पर और पिटाई करने की धमकी भी दी। फिर पीड़िता अपने घर आ गई। लेकिन रात को वह दर्द से रोने लगी तो मां बेटी को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल लेकर जाने लगी। इसी दौरान पीड़िता ने मां को आप बीती बताई। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
महिला से दुर्व्यवहार, एसआई लाइन हाजिर
नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के आदर्श नगर इलाके में एक होटल में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें थप्पड़ मारे गए। इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद सब इंस्पेक्टर हिमांशु को लाइन हाजिर कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आदर्श नगर इलाके में स्थित होटल क्लाउड इन होटल, पंचवटी से पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो वायरल हुआ।
यह घटना तीन दिन पुरानी है और वीडियो में एक सब इंस्पेक्टर पुलिस कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को थप्पड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि देर रात होटल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिसकर्मी ने एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दो महिलाओं को थप्पड़ मारे। वहीं, मामले में दूसरा पक्ष भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दूसरे पक्ष की एक महिला भी झड़प में घायल हुई है। फिलहाल आदर्श नगर थाना पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : पैंगोंग झील और लद्दाख के संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में गैर-कानूनी रूप से ‘ऑफ-रोडिंग’ करने पर कार्रवाई, लगा जुर्माना


Download Android App
Download iOS App




