श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स का 42वां वार्षिकोत्सव, मेधावी छात्र सम्मानित, CM रेखा गुप्ता ने युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत

Summary :

Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 42वें वार्षिकोत्सव में प्रेरणा, सम्मान और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला, जहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए युवाओं को अनुशासन, निरंतर सीखने और नवाचार के साथ आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) का वार्षिकोत्सव अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। युवा शक्ति से विकसित भारत का आह्वान इस अवसर पर उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने अपने संबोधन…

Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 42वें वार्षिकोत्सव में प्रेरणा, सम्मान और उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला, जहां उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए युवाओं को अनुशासन, निरंतर सीखने और नवाचार के साथ आगे बढ़कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) का वार्षिकोत्सव अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

युवा शक्ति से विकसित भारत का आह्वान

इस अवसर पर उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि बदलती तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निरंतर सीखना और अनुशासन बनाए रखना सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को अपनाते हुए स्वयं को समय के अनुरूप ढालें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि भारत अपार संभावनाओं के दौर से गुजर रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। छात्रों को समाज, पर्यावरण और नैतिक मूल्यों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को निभाना चाहिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का ज्ञान, कौशल और नवाचार ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स अपनी समृद्ध विरासत और उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपराओं के माध्यम से छात्रों को न केवल शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और सक्षम नेता बनने के लिए भी तैयार कर रहा है।

युवाओं को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने पर सरकार का जोर

उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने वाला सशक्त मंच है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा छात्रों को डिजिटल तकनीक, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षा से जोड़कर उन्हें ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स जैसे संस्थान देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां के विद्यार्थी न केवल शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी बखूबी समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे और इसके लिए जरूरी है कि वे अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।

शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा को बढ़ावा देने पर जोर

दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रमुख हरमीत सिंह कालका ने कहा कि यह संस्थान शिक्षा के साथ संस्कार भी प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुओं की शिक्षाओं पर चलकर समाज और देश की सेवा करने का संदेश दिया।

कॉलेज एलुमनी प्रेसिडेंट राजीव गर्ग ने कहा कि महाविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और छात्रों की उपलब्धियां इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। वही जनरल सेक्रेटरी कुलबीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण ही इस संस्थान की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।

पुरस्कार वितरण समारोह बना कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण

समारोह में प्राचार्य प्रो. कवल गिल, गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष स. एम.पी.एस. चड्ढा, कार्यक्रम संयोजक डॉ. मेघा उम्मत, प्राध्यापक गण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. कवल गिल ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा सामाजिक गतिविधियों का उल्लेख किया गया। गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष स. एम.पी.एस. चड्ढा ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें ‘बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘बेस्ट स्पोर्ट्सपर्सन’, ‘बेस्ट एनसीसी कैडेट’ एवं ‘एलुमनस ऑफ द ईयर’ सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं डिग्रियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Also Read: बिहार में आज होगा कैबिनेट का विस्तार, PM मोदी होंगे शामिल, BJP और JDU में रहेगा 50-50 का फॉर्मूला!

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।