Delhi News: सनातन प्रचार ट्रस्ट (रजि.) की ओर से वेस्ट एन्क्लेव, पीतमपुरा स्थित रामलीला मैदान में 15 और 16 अक्टूबर को सम्पूर्ण रामायण का भव्य मंचन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में भगवान राम की कथा, भक्ति और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सम्पूर्ण रामायण की ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।
तीन घंटे के शो में कलाकारों ने बांधा समां

संस्कार और भक्ति से जुड़े इस आयोजन में संस्कृति कला संगम के कलाकारों ने करीब तीन घंटे का भव्य लाइट, साउंड और म्यूजिकल थिएट्रिकल शो प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। इस दौरान रावण द्वारा माता सीता के हरण का दृश्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
ट्रस्ट के महासचिव धीरज गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वातानुकूलित ऑडिटोरियम और एसी फूड कोर्ट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चलती रहें।
17 से 19 अक्टूबर तक होगा डांडिया महोत्सव
सम्पूर्ण रामायण के मंचन के बाद अब 17 से 19 अक्टूबर तक भव्य डांडिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और उत्सव का आनंद लेंगे।
इस आयोजन के दौरान अशोक जिंदल, दीपक कुमार, अभय गुप्ता महाजन, भीमसेन और दीपक अग्रवाल सहित ट्रस्ट के कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और मनोरंजन का संगम देखने को मिला।
यह भी पढ़ें: Dwarka : बिस्तर के अंदर निकली गांजे की ‘खदान’, 54 किलो की खेप जब्त


Download Android App
Download iOS App




