दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर अब जनता की जेब पर भी! NDMC के इस नए फैसले ने बढ़ाई आफत

Summary :

Delhi Parking Charge Increase: दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच चुकी है। ऐसे में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के तहत कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इन्हीं उपायों में अब नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने एक अहम फैसला लिया है। दरअसल अब पार्किंग शुल्क को दोगुना कर दिया गया है। यह फैसला 29 अक्टूबर से लागू कर दिया गया है। Delhi Parking Charge Increase: क्यों बढ़ाई गई पार्किंग फीस? दिल्ली की हवा इन दिनों बेहद जहरीली हो चुकी है। धुंध और स्मॉग के कारण…

Delhi Parking Charge Increase: दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच चुकी है। ऐसे में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण के तहत कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इन्हीं उपायों में अब नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने एक अहम फैसला लिया है। दरअसल अब पार्किंग शुल्क को दोगुना कर दिया गया है। यह फैसला 29 अक्टूबर से लागू कर दिया गया है।

Delhi Parking Charge Increase: क्यों बढ़ाई गई पार्किंग फीस?

दिल्ली की हवा इन दिनों बेहद जहरीली हो चुकी है। धुंध और स्मॉग के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो रही हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP-II लागू किया है। NDMC का कहना है कि बढ़ी हुई पार्किंग फीस का उद्देश्य निजी वाहनों का उपयोग कम करना है। इसका मकसद यह है कि लोग बिना जरूरत गाड़ी लेकर सड़कों पर न निकलें और सार्वजनिक परिवहन जैसे बस, मेट्रो या टैक्सी का ज्यादा इस्तेमाल करें। इससे ट्रैफिक भी कम होगा और प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।

Parking Charge Increase: अब कितनी होगी पार्किंग फीस?

पहले NDMC की पार्किंग दरें इस प्रकार थीं:

  • चार पहिया वाहन: 20 रुपये प्रति घंटा या अधिकतम 100 रुपये प्रतिदिन
  • दोपहिया वाहन: 10 रुपये प्रति घंटा या अधिकतम 50 रुपये प्रतिदिन

लेकिन अब GRAP-II लागू होने के बाद ये दरें दोगुनी कर दी गई हैं। नई दरें इस प्रकार होंगी:

  • चार पहिया वाहन: 40 रुपये प्रति घंटा या अधिकतम 200 रुपये प्रतिदिन
  • दोपहिया वाहन: 20 रुपये प्रति घंटा या अधिकतम 100 रुपये प्रतिदिन

इस बढ़ोतरी से दिल्लीवासियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा, लेकिन NDMC का मानना है कि इससे लोग निजी वाहन चलाने से पहले सोचेंगे।

Delhi Parking Charge Increase
Delhi Parking Charge Increase, Photo (s-m)

NDMC New Rule: कहां-कहां लागू होगा यह नियम?

NDMC के अधीन कुल 128 पार्किंग स्थल आते हैं। इनमें शामिल हैं:

  • 99 ऑफ-रोड पार्किंग साइट्स
  • 3 मल्टी-लेवल/इनडोर पार्किंग कॉम्प्लेक्स
  • 24 ऑन-स्ट्रीट पार्किंग स्पॉट

इन सभी जगहों पर बढ़ी हुई दरें लागू होंगी। खासतौर पर कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, सरोजिनी नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में इसका सबसे ज्यादा असर दिखेगा क्योंकि यहां रोज हजारों वाहन पार्क किए जाते हैं।

कब तक लागू रहेंगी नई दरें?

NDMC ने साफ किया है कि पार्किंग फीस में यह बढ़ोतरी अस्थायी है। जैसे ही प्रदूषण का स्तर कम होगा और GRAP का चरण-II वापस लिया जाएगा, तब पार्किंग शुल्क पुरानी दरों पर लौट आएगा। यानी यह निर्णय केवल प्रदूषण नियंत्रण अवधि के लिए लागू रहेगा।

Delhi Parking Charge Increase
Delhi Parking Charge Increase, Photo (s-m)

सरकार के अन्य प्रयास

पार्किंग दरें बढ़ाने के अलावा सरकार और NDMC सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और सड़कों पर धूल नियंत्रण जैसे अन्य कदम भी उठा रही है। साथ ही, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के निर्देश और वाहनों की जांच जैसी गतिविधियां भी तेज की गई हैं।

यह भी पढ़ें: Cloud Seeding Failed in Delhi: करोड़ों का खर्चा, 3 ट्रायल…फिर भी फेल हुआ कृत्रिम बारिश का प्रयास, जानें कब होगी दिल्ली में बारिश

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।