Delhi : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट स्थित कड़कड़डूमा गांव में रविवार की सुबह एक युवक ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका की पहचान सोनम जोशी (30) के तौर पर की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया। डीसीपी (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इस संबंध में आनंद विहार थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएचओ (आनंद विहार) मनीष कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर प्रेम पाल, एसआई प्रियांक चौधरी आदि की टीम ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान अनुज जोशी (35) के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की है। उसे लगता था कि सोनम का गांव के किसी व्यक्ति से चक्कर है।
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि रविवार को आनंद विहार थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली थी कि कड़कड़डूमा गांव स्थित एक कमरे में एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही एसएचओ मनीष कुमार पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्हें एक महिला कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिली। महिला के शरीर पर चाकू के कई घाव थे।
पुलिस ने मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनम जोशी के रूप में हुई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। वह नोएडा में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और हाल ही में अपनी जेठानी कौशल के घर कड़कड़डूमा गांव में रहने आई थी। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
हत्या के लिए लखनऊ से लाया था चालक
डीसीपी ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान पता चला कि मृतका का पति अनुज जोशी हत्या की योजना बनाकर लखनऊ से दिल्ली आया था। आरोपी ने लखनऊ में ही एक चाकू खरीदा और बस के माध्यम से दिल्ली कड़कड़डूमा गांव में सुबह करीब 5:40 बजे भाई के घर पहुंचा। आरोपी का पत्नी सोनम के साथ पहले से ही विवाद चल रहा था। वह पत्नी से बात करने के बहाने उसके कमरे में घुसा और अंदर से कुंडी लगाकरसोनमपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी ने जिस वक्त सोनम पर हमला किया उस वक्त वह कमरे में सो रही थी। आरोपी ने वारदात के बाद चाकू को एक प्लास्टिक बैग में रखकर कमरे के अंदर ही छिपा दिया। शोर शराबा होने पर परिवार के सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसएचओ मनीष टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
सोनम से की थी दूसरी शादी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनुज जोशी लखनऊ में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा करता है। सोनम उसकी दूसरी पत्नी थी। उसकी पहली पत्नी ज्योति से दो बच्चे हैं। ज्योति उसे छोड़कर चली गई तो मुंबई में रहने वाली ज्योति की छोटी बहन सोनम ने अनुज से शादी कर ली थी। सोनम से उसके तीन बच्चे हैं। सभी पांचों बच्चे वर्तमान में लखनऊ में आरोपी के साथ रह रहे थे।
यह भी पढ़ें : 26 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार, थार, 14 मोबाइल और लैपटॉप बरामद


Download Android App
Download iOS App




