Cyber fraud : साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने जामताड़ा के साइबर ठगों के नेटवर्क पर ऐसी डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक की कि पूरे गिरोह का खेल बिगड़ गया। व्हाट्सअप पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ाने वाले अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 26 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 10 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार रॉक्स, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह जामताड़ा, देवघर और दिल्ली-एनसीआर से संचालित हो रहा था। डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि आरोपियों को एसीपी संघमित्रा की देखरेख में साइबर एसएचओ प्रवेश कौशिक के नेतृत्व की टीम ने पकड़ा है।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड के साइबर हब जामताड़ा और देवघर से संचालित हो रहा था। आरोपी लोगों को अलग-अलग बहानों से एपीके फाइल डाउनलोड कराते थे। कोई सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देता था, कोई क्रेडिट कार्ड केवाईसी के नाम पर फाइल भेजता था, तो कोई एम परिवहन चालान या फर्जी बीएसईएस अधिकारी बनकर मोबाइल हैक कर लेता था। फाइल इंस्टॉल होते ही ठग मोबाइल का एक्सेस हासिल कर बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
जामताड़ा से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक चला पुलिस का चाबुक
साउथ-वेस्ट जिला साइबर पुलिस की जांच सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रही, बल्कि जामताड़ा, देवघर, हजारीबाग और दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचकर पूरे साइबर नेटवर्क को हिला दिया। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और कई राज्यों में लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 10 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। जांच में चार बड़े साइबर ठगी के मामलों का खुलासा हुआ, जिनमें एक वरिष्ठ नागरिक से 18.50 लाख रुपये और दूसरे पीड़ित से 6.31 लाख रुपये समेत कुल 26 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा थार रॉक्स, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए। पुलिस अब पूरे मनी ट्रेल, गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके विदेशी या अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : ‘नो गन्स-नो गैंग्स’ अभियान में पुलिस की कार्रवाई, जवाबी गोली से घायल हुआ आरोपी गिरफ्तार


Download Android App
Download iOS App




