Delhi : द्वारका जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नो गन्स-नो गैंग्स’ अभियान के तहत नजफगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे एक दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित दो लाख रुपये के इनामी कॉन्ट्रैक्ट किलर रोहित लांबा उर्फ अमित उर्फ मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ उसके साथी रितिक ठाकुर को भी दबोच लिया गया।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए गए हैं। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को एडिशनल डीसीपी विकास मीणा और एसीपी राज कुमार की देखरेख में एसएचओ सही राम मीणा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर ओमप्रकाश बिश्नोई की टीम ने पकड़ा है। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि अभियान के तहत अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थाना पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान नजफगढ़ थाने में दर्ज एक मामले की जांच कर रहे एसआई दीपक शर्मा को सूचना मिली कि रोहित लांबा और उसका साथी शक्ति नगर एक्सटेंशन स्थित साईं बाबा मंदिर के पास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने सुबह करीब छह बजे घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस पर बदमाश ने की फायरिंग
पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसने अपना हथियार पुरानी ककरोला ड्रेन रोड, घासीपुरा के पास झाड़ियों में छिपा रखा है। पुलिस जब उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची तो उसने अचानक झाड़ियों से पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी नहीं माना। आत्मरक्षा में एसआई दीपक शर्मा ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली रोहित के दाहिने पैर में लगी।
घायल होने के बाद उसे काबू कर अस्पताल भेजा गया। इस दौरान कोई पुलिसकर्मी या राहगीर घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज किया है। पूछताछ में अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर काम करता था, हथियार किससे हासिल किए और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : जीबी पंत अस्पताल से भागा कुख्यात बदमाश, क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार


Download Android App
Download iOS App




