Crime Branch : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्थित जीबी पंत अस्पताल में जेल से इलाज कराने आया एक कुख्यात बदमाश पवन भल्ला (26) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने घटना के महज 48 घंटे के भीतर आरोपी को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी (क्राइम) आदित्य गौतम ने बताया कि गत 26 जून को आरोपी अस्पताल में वॉशरूम जाने की बात कर फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पवन कई मामलों में शामिल रहा है। उसने जेल में कोई कम असर वाला जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे इलाज के लिए पहले डॉक्टर अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया।
इस तरह भागा था बदमाश
जहां से उसे बेहतर इलाके लिए जीबी पंत अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस निगरानी में उसका इलाज जारी था। 26 जून की शाम करीब 6.30 बजे उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बाथरूम जाने की बात की। इजाजत मिलने के बाद आरोपी वॉशरूम गया और पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। आईपी एस्टेट थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
लोकल पुलिस के अलावा एसीपी (क्राइम ब्रांच) सतेंद्र मोहन की देखरेख में इंस्पेक्टर महिपाल की टीम को भी आरोपी की तलाश में जुटी थी। क्राइम ब्रांच की टीम को पता चला कि आरोपी पवन हिमाचल के ऊना में छिपा हुआ है। टीम तुरंत जीतपुर, ऊना हिमाचल प्रदेश पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने बताया कि वह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर हिमाचल पहुंचा था।
यह भी पढ़ें : सड़क हादसे में दिव्यांग हुए सब्जी विक्रेता के हक में फैसला, पीड़ित को मिलेगा 23 लाख रुपये का मुआवजा


Download Android App
Download iOS App




