Delhi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पहली बार हवाई जहाज से लखनऊ का सफर करने वाले कैलाश नगर सर्वोदय विद्यालय के टॉप-20 छात्र वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां एसीपी (पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन) संजय भारद्वाज और एसएचओ (आनंद विहार रेलवे स्टेशन) जगदीश राय ने अपने स्टाफ के साथ सभी छात्रों को फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। एसीपी संजय भारद्वाज ने डीसीपी (रेलवे) भरत रेड्डी की ओर से सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य निरंजन कुमार ने भी दिल्ली पुलिस का आभार प्रकट किया। यहां बता दें कि अधिकार मंच और स्कूल के ही एक पूर्व छात्र की मदद से इन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पहली हवाई जहाज से लखनऊ जाने का मौका मिला है। लखनऊ पहुंचने पर छात्रों ने यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और दिल्ली के गृह एवं शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भी छात्रों से हवाई सफर पर रवाना होने से पहले मुलाकात की। इन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए यह यात्रा उनके जीवन का यादगार अनुभव रही।
छात्रों को किया मोटिवेट
एसीपी संजय भारद्वाज ने छात्रों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत और लगन से पढ़ाई करते रहो, सफलता खुद आपके कदम चूमेगी। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन में कभी भी नशे के करीब न जाएं और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। रेलवे स्टेशन पर कुछ चीनी नागरिकों ने भी छात्रों का स्वागत किया और उनके साथ बातचीत की। पहली बार हवाई सफर और लखनऊ से वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली वापसी छात्रों के लिए यादगार रही।


Download Android App
Download iOS App



