CJP प्रदर्शन में सादे कपड़ों वाले जवान हमारे ही थे! बवाल के बीच दिल्ली पुलिस ने Supreme Court में दी सफाई

Summary :

Delhi Police Supreme Court statement: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्रवाई पर विवाद हुआ था। अब दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर इसे रणनीति का हिस्सा बताया है। पुलिस के मुताबिक, स्पेशल ब्रांच और क्राइम ब्रांच के जवान भीड़ नियंत्रण और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए तैनात थे।

Delhi Police Supreme Court statement: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों के छात्रों पर लाठी चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस घटना के करीब एक महीने बाद दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर सादे कपड़ों में जवानों की तैनाती को लेकर अपना पक्ष रखा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर सचिन शर्मा की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को जानबूझकर सादे कपड़ों में भीड़ के बीच तैनात किया गया था। पुलिस के मुताबिक, यह पहले से बनाई गई रणनीति का हिस्सा था। पुलिस ने बताया कि स्पेशल ब्रांच और क्राइम ब्रांच के जवानों को भीड़ के बीच लगाया गया था। उनका मकसद प्रदर्शन के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर स्थिति कोकंट्रोल  करने में मदद करना था।

पुलिस ने सादे कपड़ों को ठहराया सही

बता दें कि  दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में इस तरह की तैनाती को सही ठहराया है। पुलिस का कहना है कि बड़े प्रदर्शन और भीड़ वाले कार्यक्रमों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पहले भी होती रही है। इसे असामान्य प्रक्रिया नहीं माना जा सकता। पुलिस के अनुसार, ऐसे जवान भीड़ में रहकर हालात की जानकारी जुटाते हैं और किसी संभावित हिंसा या अप्रिय घटना को रोकने में मदद करते हैं।

प्रदर्शन के दौरान कील लगी लाठी के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे थे। इस पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि ऐसी लाठी का इस्तेमाल केवल एक स्थान पर दिखाई दिया था। पुलिस के मुताबिक, जिस कील वाले डंडे की बात सामने आई है, वह प्रदर्शनकारियों के पास था। पुलिस ने आशंका जताई कि प्रदर्शनकारी उसमें झंडा लगाकर उसे लेकर आए होंगे।

लाठीचार्ज में करीब 200 प्रदर्शनकारी घायल

प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद जवानों पर प्रदर्शनकारियों की पिटाई करने के आरोप लगे थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, पूरी घटना में करीब 200 प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। वहीं, पुलिस के करीब 250 जवानों के घायल होने की बात भी हलफनामे में कही गई है। पुलिस का कहना है कि जब भीड़ बेकाबू होने की स्थिति में पहुंचती है तो उसे कंट्रोल  करने के लिए लाठी का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुलिस ने इसे भीड़ नियंत्रण की कार्रवाई का हिस्सा बताया है।

सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्रवाई को लेकर मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत की गई थी। इसके अलावा याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में भी इस मुद्दे को उठाया। याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों की कार्रवाई से स्थिति और बिगड़ी। उनका कहना था कि पुलिस की इस तरह की तैनाती और कार्रवाई पर सवाल उठते हैं।

यह भी पढ़ें: रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क ‘कैश फॉर गोल्ड’ के अनधिकृत स्तेमाल पर कोर्ट ने लगाई रोक

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।