नई दिल्ली : पद्मावत हिंदी फीचर फिल्म सिनेमाघरों में 25 जनवरी से रिलीज हो जाएगी, लेकिन उसके विरोध की आवाज से दिल्ली पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। दरअसल, 25 जनवरी को सिनेमाघर से फिल्म देखने जाने वालों की सुरक्षा करना दिल्ली पुलिस के लिए कोई मुश्किल नहीं है, लेकिन लगभग दिल्ली पुलिस ठीक एक दिन बाद होने वाले गणतंत्र दिवस के आयोजन में व्यस्त है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस 25 जनवरी से सिनेमाघरों के आस-पास पेट्रोलिंग करेगी, तो वहीं पूरे स्टाफ को हालात के बारे बकायदा वरिष्ठ अधिकारी ब्रीफ करेंगे।
दक्षिणी जिले के ग्रेटर कैलाश, साकेत इलाकों में सिनेमाघरों के आस-पास पुलिस की मौजूदगी देखने को मिलेगी और अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी असामाजिक तत्व उपद्रव न फैलाएं। पुलिस उपायुक्त व पीआरओ मधुर वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी सिनेमाघरों के आस-पास प्रबंध रखेगी तो वहीं जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खासतौर पर नई दिल्ली, दक्षिण, दक्षिण पूर्वी और मध्य जिले में पुलिस की निगरानी रहेगी। नई दिल्ली व मध्य जिला गणतंत्र दिवस की परेड की नजर से भी महत्वपूर्ण रखेंगे।
पुलिस ने कई सिनेमाघर के अधिकारियों के साथ बैठक की है तो वहीं उनसे सिनेमाघर की क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बातचीत की गई है। इसके अलावा उनको सुरक्षा के बाबत भी निर्देश दिए जा रहे हैं। बता दें कि करणी सेना पहले से ही फिल्म के विरोध में खड़ी हुई थी, वहीं अब हिंदू सेना ने भी फिल्म का प्रदर्शन करने पर चेतावनी दी है। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने भी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर फिल्म का प्रदर्शन हुआ तो वह विरोध करेंगे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



