Delhi Post Office Makeover: केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 25 हजार डाकघरों के नवीनीकरण का निर्णय दूरदर्शी सोच का परिचायक है और इन डाकघरों के पुनर्विकास अभियान की शुरुआत दिल्ली से होना राजधानी के लिए गर्व की बात है। आधुनिक जनसेवा का नया केंद्र डाकघर बने। यह बातें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को नेहरू प्लेस स्थित पुनर्विकसित पोस्ट ऑफिस ‘जन सेवा कनेक्ट’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर के साथ शामिल हुईं।
पत्र-पार्सल से बहु-उद्देशीय जनसेवा केंद्र तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक डाकघर केवल पत्र और पार्सल सेवा तक सीमित माने जाते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डाकघर बहु-उद्देशीय जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित हो चुके हैं। अब डाकघरों में बैंकिंग, बचत योजनाएं, आधार सेवाएं, पासपोर्ट सेवाएं और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
नागरिक केंद्रित सुशासन और डाक नेटवर्क का पुनरुद्धार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन सेवा कनेक्ट’ की अवधारणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नागरिक केंद्रित सुशासन के विजन को साकार करती है। डाकघरों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया है। डाक कर्मचारियों की कार्य व्यवस्था, बैठने की सुविधा, आधुनिक डिजाइन और ग्राहक सेवा की गुणवत्ता में जो परिवर्तन देखने को मिला है, वह अत्यंत प्रभावशाली है। डाकघर भारतीय समाज के भावनात्मक और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। इस विशाल नेटवर्क को बंद करने के बजाय आधुनिक तकनीक और नई सेवाओं के माध्यम से पुनर्जीवित करना केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण है।
डिजिटल सेवाओं से मजबूत केंद्र बनकर उभरेंगे डाकघर
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पुनर्विकसित डाकघर नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और विश्वसनीय जनसेवा के मजबूत केंद्र बनकर उभरेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर इन सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।


Download Android App
Download iOS App




