Delhi Workers Free Health Checkup: ‘श्रमेव जयते’ संकल्प की दिशा में देश में नई श्रम संहिता के अंतर्गत 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच की पहल पर दिल्ली सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का दिल्ली सरकार की ओर से आभार व्यक्त किया। अब 40 या उससे अधिक उम्र के पुरुष-महिला श्रमिकों की मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच होगी। गुरुवार को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बसई दारापुर से इस पहल के शुभारम्भ के दौरान कपिल मिश्रा ने कहा कि श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दिल्ली सरकार की प्राथमिकता हैं। मिश्रा ने कहा कि योजना के अंतर्गत 40 वर्ष से ऊपर सबसे संवेदनशील आयु वर्ग होता है। अगर पहले से ही स्वास्थ्य परीक्षण हो जाएगा तो समय रहते उसका उपचार होगा। इससे श्रमिक भाइयों-बहनों के साथ ही उनका परिवार बड़ी विपत्ति से बच जायेगा।
मिश्रा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पूरे देश में श्रमिकों के लिए जिस प्रकार की नीतियों का निर्माण किया जा रहा है, इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया जा रहा है, कानून बनाए जा रहे हैं, उनमें प्रधानमंत्री का विशेष विज़न रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी योजनाएं पूरी तत्परता और प्रभावशाली तरीके से दिल्ली में लागू होंगी, और इन सभी ऐतिहासिक पहलों को लागू करने में दिल्ली एक रोल मॉडल की तरह कार्य करेगा। दिल्ली सरकार भी सभी लेबर कोड्स को तुरंत लागू करने के लिए तैयार है।
लगातार सुधारों पर कार्य कर रही दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री हर महीने लेबर डिपार्टमेंट और कंस्ट्रक्शन वर्कर्स बोर्ड की बैठक लेकर समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों और सुझावों पर दिल्ली सरकार लगातार सुधारों पर कार्य कर रही है। दिल्ली की महिला श्रमिक बहनों के लिए बहुत सारे नियमों में परिवर्तन किए हैं। उन्हें 24 घंटे काम करने में जो कानूनी बाधाएं आती थीं, उन सभी बाधाओं को दिल्ली सरकार ने दूर किया है। अब रात में भी दिल्ली की महिला श्रमिक बहनें चाहें तो विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम कर सकती हैं।
लिकर शॉप को छोड़कर, 24 घंटे खुले रहेंगे अन्य सभी प्रतिष्ठान
मंत्री कपिल ने कहा कि दिल्ली में लिकर शॉप को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने का भी फैसला लिया गया है। दिल्ली में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों की आवश्यक अनुमतियों जैसी कई प्रक्रियाओं को सरल किया गया है। अब बहुत ही सरल तरीके से दिल्ली में नए प्रतिष्ठान खोले भी जा सकते हैं और चलाए भी जा सकते हैं।
आज श्रमिकों पर बरसाए जाते हैं फूल
कपिल मिश्रा ने कहा कि दो मानसिकताओं का दौर इस देश ने देखा है। एक दौर था जब ताजमहल बनने के बाद उसे बनाने वालों के हाथ ही काट दिए गए थे और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर बनाने वालों और प्रयागराज कुंभ में स्वच्छता दूतों पर फूल बरसाते हैं और उनके चरण धोते हैं। पर्यटन मंत्री के रूप में आभार जताते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और इंदिरा गांधी स्टेडियम की बुकिंग बहुत महंगी होने के कारण दिल्ली में बड़े कार्यक्रम नहीं हो पा रहे थे। दिल्ली सरकार के अनुरोध पर केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रेट में बदलाव कर दिया। आज लगभग सभी बड़े अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिल्ली आकर प्रदर्शन कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App




