Bihar Mid-Day Meal Incident: बिहार के सहरसा जिले से एक डरावनी खबर सामने आई है। जिले के महिषी ब्लॉक के सरकारी मध्य विद्यालय बलुआहा में अचानक अफरातफरी मच गई। स्कूल में मिड-डे मील खाने से 250 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को मिड-डे मील खाते ही पेट में दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की दिक्कत बढ़ने लगी। जिसके बाद सभी बच्चों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सभी बीमार बच्चों का इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि बीमार बच्चों का अच्छे डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। जांच में खाने में मृत सांप का बच्चा मिलने की बात बताई गई है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में हैं। यह पूरी घटना गुरुवार सुबह 10:00 बजे शुरू हुई, जब स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील के तहत दाल-चावल परोसे गए। खाना खाने के कुछ ही देर बाद, कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उनकी परेशानी बढ़ने लगी, जिससे पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
डॉक्टरों ने क्या बताया?
अस्पताल में भर्ती बच्चों को लेकर डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल ठीक है। घबराने की जरूरत नहीं है। जिन बच्चों की स्थिति अधिक खराब थी, उन्हें सहरसा सदर हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। बाकी बच्चों का इलाज पास के स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। इस घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में भारी नाराजगी हैं। घटना के बाद स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर कई सवाल उठ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App




