मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में जनवरी में अब तक 56.6 मिमी वर्षा हो चुकी है जो पिछले 21 वर्षों में सबसे अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को लगातार चौथे दिन छिटपुट बारिश दर्ज की गयी। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में इस साल अब तक 56.6 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है।
दिल्ली में हर साल जनवरी में औसतन 21.7 मिमी बारिश होती है। पिछले साल जनवरी में 48.1 मिमी बारिश हुी थी जबकि जनवरी 2019 में 54.1 मिमी और जनवरी 1999 में 59.7 मिमी बारिश हुई थी। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, 1995 में जनवरी महीने में यहां 69.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार को शाम 5:30 बजे तक छह मिमी बारिश दर्ज की। इस दौरान पालम, लोधी रोड, रिज और अयानगर मौसम केंद्रों में क्रमशः 5.4 मिमी, 6.3 मिमी, 11.1 मिमी और 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
आईएमडी ने बताया कि मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हुयी है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भी भारी बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के हटते ही तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। आईएमडी ने कहा कि दिल्ली में अगले दो दिनों तक घना कोहरा रहने का अनुमान है।


Download Android App
Download iOS App



