Delhi Shahdara Double Murder:दिल्ली के शाहदरा इलाके में स्थित राम नगर एक्सटेंशन में देर रात हुए डबल मर्डर ने दहशत फैला दी है। यहां एक बुजुर्ग दंपत्ति की उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग कमरे में पड़े हुए मिले। पुलिस को इस घटना की सूचना बुजुर्ग दंपत्ति के बेटे ने ही दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी।
Crime News: अलग-अलग कमरों में मिले दो शव

पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे एक PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले वैभव बंसल ने बताया कि उनके माता-पिता घर में बेहोश पड़े हैं और उन्हें शक है कि उनकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत राम नगर एक्सटेंशन स्थित मकान पर पहुंची, जहां तीसरी मंजिल पर दो अलग-अलग कमरों में दो शव मिले। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय प्रवेश बंसल और 75 वर्षीय वीरेंद्र कुमार बंसल के रूप में हुई। वीरेंद्र कुमार बंसल रिटायर शिक्षक थे, जबकि प्रवेश बंसल गृहिणी थीं।
चेहरे पर चोट के निशान
निरिक्षण में वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। प्रारंभिक जांच के बाद मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया गया। जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
Delhi News: सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस

शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि लूटपाट के इरादे से हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी एंगल से जांच की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





















