दिल्ली हिंसा: पिंक लाइन पर पांच मेट्रो स्टेशन बंद, चार स्टेशनों को खोला गया

Summary :

हिंसा में दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल मारा गया और एक पुलिस उपायुक्त घायल हो गया।

नयी दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा के खिलाफ छात्रों द्वारा प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को चार स्टेशनों को एक घंटे तक बंद रखने के बाद खोल दिया।दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, ‘‘उद्योग भवन, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और जनपथ में प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सामान्य सेवा बहाल हो गई है।’’
इससे पहले, डीएमआरसी ने ट्वीट किया था कि येलो और वायलेट लाइनों पर चार स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। जामिया समन्वय समिति ने छात्रों से नए पुलिस मुख्यालय के बाहर एकत्र होने को कहा था जिसके बाद दिल्ली मेट्रो ने यह ट्वीट किया।
इससे पहले, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में संशोधित नागरिकता कानून के विरोधियों और समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़पों के मद्देनजर पिंक लाइन मेट्रो पर पांच स्टेशन बंद कर दिये गए थे। डीएमआरसी ने ट्वीट किया था, ”जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एनक्लेव और शिव विहार मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिये गए हैं। ट्रेनें वेलकम मेट्रो स्टेशन तक ही जाएंगी।”जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर स्टेशन 24 घंटे से अधिक समय से बंद हैं।
दिल्ली के जाफराबाद और मौजपुर में सोमवार को संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का समर्थन करने वाले और विरोध करने वाले समूहों के बीच संघर्ष हो गया और प्रदर्शनकारियों ने कई घरों, दुकानों तथा वाहनों में आग लगा दी और एक-दूसरे पर पथराव किया। हिंसा में दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल मारा गया और एक पुलिस उपायुक्त घायल हो गया। राजधानी के चांदबाग और भजनपुरा में भी संघर्ष होने की खबरें है।इससे पहले डीएमआरसी ने प्रदर्शनों के चलते जाफराबाद और मौजपुर-बाबरपुर मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया था।

Desk Team