दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार 2048 ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा करेगी और इसके लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को तेजी से तैयार किया जाएगा। वर्ष 2021- 22 का बजट पेश करते हुए सिसोदिया ने कहा कि खेलों से जुड़ा हमारा एक और सपना है जो मैं सदन के समक्ष रख रहा हूं। हम दिल्ली में ओलंपिक खेलों का आयोजन करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि 1896 में यूनान में ओलंपिक खेलों की शुरूआत के बाद से ओलंपिक की मशाल कभी दिल्ली नहीं आई। उन्होंने कहा ,‘‘ 32वें ओलंपिक खेल तोक्यो में होने हैं। अगले तीन मेजबानों का चयन हो चुका है। हमारी सरकार खेलों की सुविधायें तैयार करने के साथ ऐसा माहौल बनाना चाहती है कि हम 2048 में 39वें ओलंपिक की मेजबानी का दावा कर सकें।’’
उन्होंने कहा ,‘‘अभी इसमें काफी समय है लेकिन हमें 2048 से 10 साल पहले दावा करना होगा। इससे 15 साल पहले बुनियादी ढांचा और खेल का माहौल बनाना होगा ताकि हमारे खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में पदक ला सकें।’’ सिसोदिया ने आगे कहा कि इस साल खेल विश्वविद्यालय भी शुरू हो जायेगा। बता दे कि इससे पहले दिल्ली में 1951, 1982 में एशियाई खेल और 2010 में राष्ट्रमंडल खेल हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



