राष्ट्रीय राजधानी में चल रही हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में आंशिक रूप से सुधार दर्ज किया गया लेकिन इसके बावजूद रविवार सुबह भी प्रदूषण का स्तर ‘खराब’ श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 281 रहा। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुड़गांव में एक्यूआई क्रमश: 302, 297, 251 और 253 रहा।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 0-50 के बीच ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘अत्यंत खराब’, 401-500 के बीच ‘गंभीर’ और 500 के पार ‘बेहद गंभीर एवं आपात’ माना जाता है। शहर ने शनिवार को हवा चलने के कारण प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे वह ‘बहुत खराब’ से ‘खराब’ श्रेणी में आ गया था।
इस बीच, रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने अधिकतम तापमान के लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ ही दिन में तेज हवा चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। वहीं हवा में आर्द्रता का स्तर 76 प्रतिशत दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29.8 और 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



