‘मास्क पहनो’ कहने पर क्लीनिक के डॉक्टर के साथ बदसलूकी, हवा में की फायरिंग

Summary :

क्लीनिक में काम करने वालों ने व्यक्तियों को प्रवेश से पहले मास्क पहनने को कहा, जिसपर युवक ने डॉक्टर और स्टाफ के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने हवा में गोलियां तक दागी।

देश में कोरोना माहमारी का प्रकोप भले ही कम हो गया हो, लेकिन फिर भी अपना और अपनों के बचाव के लिए बाहर निकलने पर सभी के मास्क पहनना अनिवार्य है। बावजूद कई जगहों पर मास्क पहनने और कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों को अनदेखा किया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली से सटे नोएडा में मास्क पहन कर क्लीनिक में प्रवेश के लिए कहने पर दो लोगों द्वारा डॉक्टर से बदसलूकी और हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है।
ग्रेटर नोएडा के जारछा थाना अंतर्गत इलाके में स्थित एक निजी क्लीनिक पर दो व्यक्ति डॉक्टर को दिखाने आए थे। लेकिन क्लीनिक में काम करने वालों ने व्यक्तियों को प्रवेश से पहले मास्क पहनने को कहा, जिसपर युवक ने डॉक्टर और स्टाफ के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने हवा में गोलियां तक दागी। 
मामले में पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) विशाल पांडे ने बताया कि यह घटना जारछा थाना अंतर्गत इलाके में गुरुवार सुबह हुई। 
फूलपुर गांव का निवासी परमीत डॉक्टर से दिखाने के लिए आया था और मास्क लगाने के लिए कहने पर उसने बदसलूकी की। पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। परमीत फरार है और उसके दोस्त राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।

Desk Team