DU Admission 2021 : दिल्ली यूनिवर्सिटी की तीन कट ऑफ लिस्ट जारी हो चुकी हैं। तीसरी कट ऑफ में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए एडमिशन प्रोसेस 18 अक्टूबर से शुरू हो चुका है, जो 21 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभी चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी भी नहीं हुई और यूनिवर्सिटी की कुल 70 हजार सीटों में से करीब 80 फीसदी सीटों पर एडमिशन पूरे हो चुके हैं।
तीसरी कट ऑफ के बाद चौथी कट ऑफ के आधार पर दिल्ली यूनिवर्सिटी में दाखिले के गिने-चुने अवसर ही रह जाएंगे। हालांकि बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडी और बैचलर ऑफ बिजनेस इकोनॉमिक्स कोर्सेस की प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने पर बीकॉम व इकोनॉमिक्स जैसे पाठ्यक्रमों में कुछ सीटों पर अवसर मिल सकता है।
फिलहाल यूनिवर्सिटी के मुताबिक तीसरी कटऑफ के लिए यह दाखिला प्रक्रिया 21 अक्टूबर रात 11 बजकर 59 मिनट तक जारी रहेगी। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 16 अक्टूबर को अपनी तीसरी कटऑफ जारी की है। तीसरी कटऑफ के आधार पर आर्यभट्ट कॉलेज में सोमवार को विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 145 आवेदन आए।
इसमें से 102 छात्रों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें दाखिला दे दिया गया है। सबसे अधिक आवेदन व दाखिले मैथ्स ऑनर्स में रहे। यहां कुल 31 सीटों पर दाखिले स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कंप्यूटर साइंस में 22 और हिंदी ऑनर्स में 20 दाखिले मंजूर हुए हैं। श्री अरबिंदो कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ विपिन अग्रवाल के मुताबिक श्री अरबिंदो कॉलेज में 400 छात्रों ने आवेदन किए, जिनमें से 100 दाखिले स्वीकृत कर लिए गए हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में 22 अक्टूबर शाम 5 बजे तक एडमिशन को स्वीकृति दी जाएगी। तीसरी कटऑफ सूची के आधार पर दाखिले के लिए आवेदन करने वाले छात्र 23 अक्टूबर शाम 5 बजे तक फीस जमा करा सकते हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने पहली कटऑफ 1 अक्टूबर को और दूसरी कटऑफ 9 अक्टूबर को जारी की थी। इन दोनों कटऑफ के आधार पर दाखिला प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में विभिन्न कॉलेजों के कई पाठ्यक्रमों के लिए पहली कटऑफ लिस्ट 100 फीसदी तक गई थी। दूसरी कटऑफ लिस्ट में भी कोई खास अंतर नहीं आया था। दूसरी लिस्ट में विभिन्न कॉलेजों में कटऑफ को लेकर औसतन 0.25 फीसदी से लेकर 3 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई थी। इसके बाद अब तीसरी कटऑफ में भी कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है।


Download Android App
Download iOS App



