DUSU Elections 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस बार डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा, जबकि 19 सितंबर को मतगणना की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू होगी और इसी दिन नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय सीमा दोपहर तीन बजे तक रहेगी।
उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ 500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट और शपथपत्र जमा करना होगा। नामांकन पत्रों की जांच 10 सितंबर को दोपहर 3:15 बजे की जाएगी। इसके बाद शाम छह बजे तक वैध रूप से नामांकित उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। उम्मीदवार 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। उसी दिन शाम पांच बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
सुबह और शाम दो पालियों में होगा मतदान
18 सितंबर को दिन की कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। वहीं शाम की कक्षाओं के विद्यार्थियों को दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान का मौका मिलेगा। 19 सितंबर को मतगणना होगी। डूसू पदों के लिए नामांकन पत्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, कॉन्फ्रेंस सेंटर, बॉटनी विभाग के सामने स्थित गेट नंबर-4, नॉर्थ कैंपस में जमा होंगे। केंद्रीय परिषद के सदस्यों के लिए नामांकन संबंधित कॉलेज या विभाग में जमा किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के अनुसार डूसू के निर्धारित नामांकन पत्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में रखे सीलबंद बॉक्स में किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक डाले जा सकेंगे। चुनाव में विश्वविद्यालय की आचार संहिता, डूसू संविधान, लिंगदोह समिति की सिफारिशों से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के निर्देश, संपत्ति विरूपण संबंधी दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश, दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट-2007 और एनजीटी के आदेशों का पालन अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्र नामांकन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।



Download Android App
Download iOS App




