दिल्ली में भलस्वा लैंडफिल पर 24 घंटे से आग बुझाने का प्रयास जारी है और इस पर पूरी तरह काबू पाने में कम से कम दो दिन और लगेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दमकल की आठ गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हैं।
भलस्वा लैंडफिल में मंगलवार शाम को भयानक आग लग गई। कई वीडियो में घने धुएं से आसमान का रंग काला पड़ता देखा जा सकता है। अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि उन्हें शाम पांच बजकर 40 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की 13 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
आसपास के निवासियों ने बुधवार शाम को कहा कि घने धुएं के कारण उन्हें बेहद तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि तापमान बढ़ने से कूड़े के ढेर में मीथेन गैस बनती है जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है।


Download Android App
Download iOS App



