Delhi University : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026-27 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय अधिकारियों, कॉलेज प्राचार्यों, हॉस्टल व हॉल के प्रोवोस्ट तथा दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में चुनावी व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि डूसू चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके शिक्षकों के लिए सभी विद्यार्थी समान हैं। ऐसे में शिक्षकों को किसी भी तरह के पक्षपात से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना होगा।
कॉलेजों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
कुलपति ने सभी कॉलेज प्राचार्यों को अगले तीन-चार दिनों तक अपने-अपने परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। प्रत्येक कॉलेज में एक शिक्षक को नियुक्त करने को कहा गया, जो चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस के साथ समन्वय का काम करेगा। कुलपति ने कहा कि चुनाव प्रबंधन में शिक्षकों की अधिक भागीदारी से प्रक्रिया को बेहतर तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी। बैठक में बताया गया कि मतदान से एक दिन पहले 17 सितंबर को कॉलेजों में ईवीएम पहुंचाई जाएंगी। ईवीएम पहुंचाने का काम सुबह आठ बजे से शुरू होगा और इसके लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर जिम्मेदारी संभालेंगे।
18 सितंबर को मतदान, 19 को मतगणना
डूसू चुनाव के लिए 18 सितंबर को मतदान होगा। डे-क्लास के विद्यार्थियों के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक और इवनिंग क्लास के विद्यार्थियों के लिए दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा। मतदान के बाद छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में ईवीएम को सील कर दिल्ली विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पस हॉल (यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम) में जमा कराया जाएगा। 19 सितंबर को इसी स्थान पर मतगणना होगी।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त
चुनाव के दौरान संवेदनशील स्थानों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 18 सितंबर तक रात में पुलिस गश्त जारी रहेगी। मतदान के दिन कॉलेजों, विभागों और संस्थानों के बाहर भी पुलिस गश्त की व्यवस्था रहेगी। महिला कॉलेजों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बैठक में डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी, साउथ कैंपस निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, पीआरओ अनूप लाठर, मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा, मुख्य रिटर्निंग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह सहित डीयू के विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, हॉस्टल प्रोवोस्ट, वार्डन और दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




