LG Held A Meeting With Officials : दिल्ली में बढ़ते पार्किंग संकट से निपटने के लिए शहर में बनकर तैयार या उपलब्ध होने के बावजूद इस्तेमाल नहीं हो रहे पार्किंग स्थलों को जल्द चालू किया जाएगा। जमीन की कमी को देखते हुए नई पार्किंग व्यवस्था में बहुस्तरीय कार पार्किंग को प्राथमिकता दी जाएगी। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, डीडीए, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली अग्निशमन सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक में इसके निर्देश दिए।
उन्होंने साफ किया कि पार्किंग, अतिक्रमण, अग्नि सुरक्षा जैसे मामलों में अलग-अलग विभाग अपने दायरे तक सीमित रहने के बजाय ‘होल ऑफ गवर्नमेंट’ यानी एक सरकार की तरह मिलकर काम करें।बैठक में मुख्य सचिव, दिल्ली पुलिस आयुक्त, गृह विभाग के प्रधान सचिव, डीडीए उपाध्यक्ष, एमसीडी के अतिरिक्त आयुक्त और दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रधान निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एलजी ने उन मुद्दों की समीक्षा की, जिनका समाधान किसी एक विभाग के स्तर पर संभव नहीं है और जिनमें जमीन पर एक साथ कई एजेंसियों की कार्रवाई जरूरी होती है। तेजी से विकसित हो रहे नरेला क्षेत्र पर बैठक में विशेष रूप से चर्चा हुई। एलजी ने दिल्ली पुलिस को यहां अपनी मौजूदगी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
वहीं, एमसीडी को नरेला में नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने को कहा गया। विकास और आबादी बढ़ने के साथ इस क्षेत्र में सुरक्षा तथा नागरिक सुविधाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए दोनों एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण हटाने के अभियानों में एमसीडी, डीडीए और दिल्ली पुलिस के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों के लिए निर्धारित स्थान तय करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। एलजी ने एमसीडी को लंबित वेंडर सर्वे जल्द पूरा करने और टाउन वेंडिंग कमेटियों (टीवीसी) का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए।
इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद निर्धारित वेंडिंग क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने का रास्ता खुलेगा। बैठक में दिल्ली की अग्नि सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई। खास तौर पर उन मामलों पर चर्चा हुई, जहां एमसीडी, डीडीए, दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग के बीच संयुक्त कार्रवाई की जरूरत पड़ती है। स्कूलों को लेकर भी एलजी ने अधिकारियों को पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच संवाद मजबूत किया जाए। इसके तहत पॉक्सो दिशा-निर्देशों के पालन सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नागरिक और सुरक्षा अभियानों में स्कूलों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। एलजी ने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली की जटिल नागरिक समस्याओं का समाधान विभागों के अलग-अलग काम करने से नहीं, बल्कि साझा जिम्मेदारी और मौके पर तेज संयुक्त कार्रवाई से किया जाए।


Download Android App
Download iOS App




