थाना सूरजपुर पुलिस और बदमाशों के बीच शनिवार रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के गर्दन में लगी है। पुलिस ने पीछा करके एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे। इस मुठभेड़ में एक दरोगा घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के पास से अवैध हथियार व एक कार बरामद की है।
पकड़े गए बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। एसपी ग्रामीण विनीत जयसवाल ने बताया कि शनिवार शाम थाना सूरजपुर पुलिस देवला गांव के पास जांच कर रही थी तभी एक कार में सवार होकर कुछ व्यक्ति आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्होंने बताया कि कार में सवार बदमाशों ने पुलिस दल पर गोली चलानी शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली उपनिरीक्षक रंजीत यादव को लगी है। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई।
पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दिल्ली के गाजीपुर निवासी संदीप उर्फ बिल्लू के गले में लगी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि कार में सवार तीन अन्य बदमाश अंधेरे में भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा करके राजेश उर्फ अनुज को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। बदमाशों के पास से पुलिस ने नौ एमएम की एक पिस्तौल, एक देसी तमंचा, कारतूस व खोखा तथा विभिन्न बैंकों के चार एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदात करना स्वीकार किया है।


Download Android App
Download iOS App



