नई दिल्ली : आप सरकार अपने कार्यकाल में ही दिल्ली के हर घर में सीवर और पानी कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध करवा देगी। यह दावा है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का। रविवार को मुख्यमंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने मायापुरी औद्योगिक क्षेत्र में 1.24 करोड़ लीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय एवं बूस्टरपंपिंग स्टेशन का शिलान्यास करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पिछले कई सालों से पानी की समस्या थी।
इस समस्या को दूर करने के लिए यूजीआर बनाया जा रहा है, इसके बनने के बाद यहां पानी की समस्या दूर हो जाएगी। फिलहाल यहां पानी की सप्लाई अन्य जगहों से होती है जिस कारण पानी की आपूर्ति को लेकर हमेशा समस्या रहती है। सरकार ने इस समस्या को देखते हुए यूजीआर बनाने का काम शुरू करवाया। उन्होंने कहा कि इसे बनाने के लिए 18 माह का लक्ष्य रखा गया हैं लेकिन हमारी कोशिश है कि इसे अगले साल 31 मार्च तक चालू कर दिया जाए।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पिछले तीन साल से आप की सरकार है। इससे पहले दिल्ली में 70 साल तक अन्य दलों की सरकार रही लेकिन देश की राजधानी होने के बाद भी यहां पानी की आपूर्ति नहीं करवा पाए। आप सरकार ने अपने तीन साल के कार्यकाल में 309 कॉलोनियों में पानी पहुंचा दिया। अगले दो तीन साल में दिल्ली के हर घर के अंदर टूटी से पानी मिलने लगेगा। साथ ही सीवर का कनेक्शन दिया जाएगा। फिलहाल जहां सीवर लाइन नहीं है वहां तीन से चार साल के अंदर सीवर लाइन पहुंचा दिया जाएगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



