गणतंत्र दिवस के चलते सीआईएसएफ ने बढ़ायी मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा

Summary :

NULL

नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस के चलते केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सभी मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। इसके तहत दिल्ली-एनसीआर के सभी मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही यहां सर्विलांस भी बढ़ा दिया गया है। इन स्टेशनों पर जल्द करीब 400 अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के चलते सभी मेट्रो स्टेशनों की निगरानी कड़ी कर दी गई है। इस सप्ताह से इसमें और तेजी लायी जाएगी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के ऐसे मेट्रो स्टेशन जहां ज्यादा लोगों का आवागमन (फुटफॉल) होता है वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं। इसके तहत बैग चैकिंग एवं सीसीटीवी निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन स्टेशनों की सर्विलांस एवं इनके आसपास पैट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। आने वाले दिनों में पैट्रालिंग में जवानों की संख्या और बढ़ायी जाएगी। हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि संवेदनशील स्टेशनों पर खास निगरानी रखी जा रही है। इन स्टेशनों की सुरक्षा को पूरी तरह से चाक चौबंद किया जा रहा है। मेट्रो स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में डॉग स्क्वैड की भी तैनाती की जा रही है।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।

Desk Team