नई दिल्ली : राजधानी की लाइफ लाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो आने वाले समय में एयरपोर्ट लाइन की रफ्तार से दौड़ सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) फेस 4 के तहत बनने वाले मेट्रो कॉरिडोर में कुछ बदलाव करने पर विचार कर रहा है। इसमें स्पीड को बढ़ाना प्राथमिकता रहने का अनुमान है।
मिली जानकारी के अनुसार मिशन स्पीड के तहत सार्वजनिक परिवहन की गति बढ़ाने का अभियान चल रहा है, इसमें मेट्रो भी शामिल है। वर्तमान में दिल्ली मेट्रो 35 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ रही है जबकि एयरपोर्ट लाइन 65 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ती है।
मेट्रो सूत्रों का कहना है कि फेस 4 के तहत बनने वाले सभी कॉरिडोर का निर्माण 135 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे अधिक की स्पीड के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान ट्रेक सहित अन्य तकनीकी उपकरण अपडेट वर्जन के रहेंगे।
नई तकनीक से तेज होगा काम
तय समय से काफी देरी से चल रहे फेस 4 मेट्रो कॉरिडोर के काम को तेज करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने नई तकनीक का सहारा लेने का निर्णय लिया है। प्रोजेक्ट निर्माण में आने वाली लागत व समय को बचाने के लिए दिल्ली मेट्रो यू-गर्डर का प्रयोग किया जाएगा। बिल्ट-इन केबल सपोर्ट के अलावा यह बिल्ट-इन साउंड बैरियर भी होंगे।
डीएमआरसी ने इन गर्डरों का इस्तेमाल एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और बदरपुर से फरीदाबाद (वॉयलेट लाइन) और नोएडा के एक खंड में किया है। मिली जानकारी के अनुसार फेस 4 मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के दौरान दुर्घटनाओं की संभावनाओं व अन्य को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। निर्माण से पहले तैयार होने वाले प्रस्ताव में कुछ बदलाव करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
अब दस किलो अतिरिक्त वजन ले जा सकेंगे यात्री
दिल्ली मेट्रो में यात्री अब दस किलो अतिरिक्त सामान ले जा सकेंगे। केंद्रीय आवास व शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार मेट्रो ट्रेन में यात्रियों को 25 किलोग्राम के भार तक वाला बैग ले जाने की अनुमति होगी। यह एक बैग के लिए मान्य होगा। यात्री सामान गठरी की शक्ल में नहीं लाएंगे।
अभी तक मेट्रो में यात्री 15 किलोग्राम तक के भार वाले बैग या सामान ले जा सकते थे, लेकिन अब नियमों में बदलाव के बाद यात्री 25 किलो तक का बैगेज ले जा सकेंगे। दरअसल सरकार ने इसके लिए मेट्रो रेलवे (भाड़ा और टिकट) नियमावली- 2014 में बदलाव किया है।
बदलाव के तहत मेट्रो रेलवे प्रशासन की मंजूरी के बिना कोई भी व्यक्ति मेट्रो ट्रेन में यात्रा के दौरान एक से अधिक बैग नहीं ले जा सकता। इस बैग का साइज 80 सेंटीमीटर गुना 50 सेंटीमीटर गुना 30 सेंटीमीटर और भार 25 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए।
एयरपोर्ट लाइन पर दोगुना वजन
एयरपोर्ट को जोड़ने वाली मेट्रो में यात्री पहले के मुकाबजे दोगुना से अधिक वजन ले जा सकेंगे। इस लाइन पर मंत्रालय ने अधिकतम 32 किलोग्राम वजन ले जाने की अनुमति दी है। जारी नियम के तहत यात्री एक ही बैग जिसका आकार 90 सेंटीमीटर गुना 75 सेंटीमीटर गुना 45 सेंटीमीटर के आकार का होगा।


Download Android App
Download iOS App



