पूर्वी दिल्ली : अक्षरधाम मंदिर के सामने वाले फ्लाईओवर पर चलती डेटसन गो कार में अचानक आग लगने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की जलने से दर्दनाक मौत हो गईं। जबकि महिला के पति व एक बेटी किसी तरह समय रहते कार से बाहर निकल गए। जिससे उनकी जान बच गईं। मृतकों की पहचान रंजना मिश्रा (34), बड़ी बेटी रिद्धी (6) और डेढ़ वर्षीय सबसे छोटी बेटी निक्की के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामूली रूप से घायल उपेंद्र (38) और सिद्धी (3) का पास के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। दोनों डरे सहमे हुए थे। मंडावली पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक उपेंद्र परिवार सहित लोनी के राम पार्क इलाके में रहते हैं। वह लाजपत नगर स्थित कार्स 24 में काम करते हैं। उपेंद्र ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि किराये की कार उनके घर काल बनकर आएगी। जी हां, उपेंद्र के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पूर्वी ही उपेंद्र ने ये डेटसन गो कार किराये पर ली थी। उसी कार में परिवार रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह परिवार के साथ कालकाजी मंदिर से घर लौट रहे थे। उसी दौरान बेटियों ने अक्षरधाम मंदिर जाने की इच्छा जाहिर की। इसके चलते उन्होंने कार से यू-टर्न ले लिया।
जैसे ही कार अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने वाले फ्लाईओवर पर चढ़ी, उसमें अचानक आग लग गईं। कार चला रहे उपेंद्र और साथ वाली सीट पर बैठी सिद्धी तो समय रहते कार से बाहर निकल गए। मगर रंजना, रिद्धी और निक्की कार में फंसे रह गए। जिससे उनकी कार में ही मौत हो गई। इस पूरे मामले पर डीसीपी ईस्ट जसमीत सिंह का कहना है कि शुरुआती जांच के बाद कार में आग लगने का कारण सीएनजी किट में लीकेज या शॉट सर्केट हो सकता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बच्चों के लिए ली थी छुट्टी
परिजनों ने बताया कि उपेंद्र की छुट्टी सोमवार की होती है। मगर उपेंद्र ने उन्हें बताया था कि वो बच्चों को घुमाने के लिए रविवार को छुट्टी लेने वाले हैं हुआ भी ऐसा ही। उपेंद्र ने छुट्टी ली और वो बच्चों को घुमाने ले गए। मगर इस छुट्टी ने उन पर गमों का पहाड़ तोड़ दिया।
और हो गया बेबस
कार में आग लगने के बाद उपेंद्र सिद्धी को लेकर तो बाहर निकल आए मगर रंजना, रिद्धी और निक्की वहीं फंस गईं। इसके बाद आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। पिता व बेटी कुछ दूर खड़े इस मंजर को देखते रहे। वह चाहकर भी पत्नी व बेटियों को बचा नहीं पाए। लोगों ने भी जलती कार की फोटो व वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली।


Download Android App
Download iOS App



