नई दिल्ली : राजधानी में सार्वजनिक परिवहन के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध करवा रही दिल्ली मेट्रो शुक्रवार को कछुआ चाल रही। हालत यह रही कि सामान्य दिनों के मुकाबले उसी सफर के लिए यात्रियों को दो गुना समय खराब करना पड़ा। सबसे ज्यादा समस्या बुजुर्गों के सामने आई। स्पीड काफी कम होने के कारण भीड़ काफी ज्यादा रही, जिस कारण लगभग तीन घंटे तक लोगों को नोन पीक आवर में भी काफी परेशान होना पड़ा।
इस संबंध में यात्री कुलदीप ने बताया कि वह दोपहर 12.15 पर द्वारका स्टेशन पर चढ़ी थी। इस स्टेशन पर करीब 15 मिनट तक मेट्रो खड़ी रही। यहीं नहीं यहां से चलने के बाद मेट्रो राजीव चौक तक पहुंचने के दौरान पांच-छह जगह पर रुकी। कई बार स्टेशन के बीच ही मेट्रो को रोक दिया गया। वहीं नवादा से चढ़ी रामवती ने बताया कि करीब 20 मिनट के इंतजार के बाद मेट्रो आई।
लेकिन इस Metro की गति काफी धीमी रही। उन्होंने कहा कि यदि पहले ही पता रहता तो वह बस से चली जाती। शुक्रवार को मेट्रो में बस से ज्यादा समय लग गया। बता दें कि शुक्रवार को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर चार बजे तक मेट्रो सेवा प्रभावित हुई।
लौटना पड़ा घर… द्वारका मोड़ से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे विमलेश झा ने बताया कि उन्हें बिहार जाने के लिए सवा एक बजे ट्रेन पकड़नी थी लेकिन मेट्रो की वजह से वह 1.20 पर राजीव चौक पहुंच पाए। जबकि ट्रेन सवा एक बजे ही रवाना हो गई। ऐसे में चाहकर भी ट्रेन नहीं पकड़ पाए। उन्होंने कहा कि ट्रेन छूटने के कारण उन्हें वहीं से वापस आना पड़ा।
ठीक हुई मेट्रो
डीएमआरसी ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण द्वारका से राजौरी गार्डन स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा प्रभावित हुई। प्रशासन की माने तो करीब तीन घंटे के बाद सेवा को फिर से बहाल कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



