पूर्व कर्मचारी बना 75 लाख की लूट का मास्टरमाइंड, महिला को बनाया था बंधक

Summary :

North-West District Crime News :  नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अशोक विहार इलाके में महिला को घर के अंदर बंधक बनाकर दिनदहाड़े 75 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के पति का पूर्व कर्मचारी निकला। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान नमन शर्मा, दीपक उर्फ देव, दिनेश उर्फ बल्लू, अंश शर्मा, साहिल और आर्यन उर्फ शेरा के रूप में हुई है, जबकि दो आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों के कब्जे से 51.52 लाख रुपये नकद और लूटी गई रकम से खरीदे गए करीब 2.33 लाख…

North-West District Crime News :  नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अशोक विहार इलाके में महिला को घर के अंदर बंधक बनाकर दिनदहाड़े 75 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता के पति का पूर्व कर्मचारी निकला। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान नमन शर्मा, दीपक उर्फ देव, दिनेश उर्फ बल्लू, अंश शर्मा, साहिल और आर्यन उर्फ शेरा के रूप में हुई है, जबकि दो आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों के कब्जे से 51.52 लाख रुपये नकद और लूटी गई रकम से खरीदे गए करीब 2.33 लाख रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

बता दें कि पुलिस ने उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया। ज्वाइंट सीपी विजय सिंह के मार्गदर्शन में डीसीपी आकांक्षा यादव और एडिशनल डीसीपी रविनंदन बी.एम की देखरेख में एसीपी रणजीत ढाका, आकाश रावत , इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व की टीम ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:35 बजे अशोक विहार थाने में घर में दिनदहाड़े डकैती की सूचना मिली थी। पीड़िता नीरा वर्मा ने बताया कि उनके पति सुबह करीब नौ बजे फैक्ट्री चले गए थे। उनकी जुड़वां बेटियां करीब 11:30 बजे चावड़ी बाजार स्थित होलसेल दुकान के लिए घर से निकली थीं।

बेटियों के निकलने के कुछ ही मिनट बाद लिफ्ट की आवाज सुनकर नीरा ने दरवाजा खोला। बाहर दो युवक खड़े थे। उन्होंने पानी मांगा। महिला को शक हुआ तो उसने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने जबरन दरवाजा खोलकर उसे अंदर खींच लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू के बल पर महिला को बंधक बना लिया। पहले उसके पैर चुन्नी से बांधे और फिर हाथ-पैर ब्राउन पैकिंग टेप से बांध दिए। मुंह पर भी टेप लगा दिया गया। इसके बाद दो अन्य साथी घर में दाखिल हुए। करीब 20 से 25 मिनट तक बदमाशों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और नकदी तथा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

दिलशाद गार्डन में बांटी 75 लाख की लूट

पुलिस जांच में सामने आया कि डकैती की साजिश रचने वाले आरोपियों को घर के अंदर की पूरी जानकारी थी। जांच के दौरान पीड़िता के पति के पूर्व कर्मचारी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसके संपर्कों और तकनीकी सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए थे। बाद में सभी दिलशाद गार्डन में एकत्र हुए और लूटी गई रकम आपस में बांट ली।

पुलिस के मुताबिक, लूट की रकम से आरोपियों ने मोबाइल फोन समेत अन्य सामान खरीदा। स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और पंजाब में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने 51.52 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। अब बाकी रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियारों की तलाश जारी है।

 

Sumant Chaudhary