नई दिल्ली : संविधान बचाने व सद्भावना के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी के कार्यालय राजीव भवन से राजघाट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगे झंडे लेकर सांप्रदायिक सद्भाव एवं एकता,संविधान बचाओ एवं महात्मा गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम,पतित पावन सीता राम के नारे लगाये।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर स्टेडियम पर डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सुभाष चोपड़ा के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली के प्रभारी पीसी चाको, जय प्रकाश अग्रवाल, अरविंदर सिंह लवली, कीर्ति आजाद एवं मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने राजघाट पर बापू की समाधि पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इससे पूर्व राजीव भवन में चोपड़ा ने चाको के साथ ध्वजारोहण करके पार्टी के स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत की। जिसमें कार्यकर्ताओं तिरंगे झंडे लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। इस अवसर पर चोपड़ा व चाको ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के 135वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ता यह शपथ लें कि वे संविधान की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून को देश व समाज को बांटने वाला बताते हुए जामिया में छात्रों के साथ हुई हिंसा के लिए भाजपा को दोषी ठहराया। वहीं मुकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में भाजपा व आप की दमनकारी नीतियों के खिलाफ अपनी लड़ाई पूरी शक्ति के साथ जारी रखेगी। कांग्रेस रविवार को भाजपा व आप की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करने के लिए मॉडल टाउन में हल्ला बोल रैली करेगी।


Download Android App
Download iOS App



