चेन्नई: CAA के विरोध में रंगोली बनाकर किया प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लेकर छोडा़

Summary :

चेन्नई में रविवार को सीएए के विरोध में प्रदर्शन के दौरान ‘कोलम’ (रंगोली) बना रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं।

चेन्नई में रविवार को सीएए के विरोध में प्रदर्शन के दौरान ‘कोलम’ (रंगोली) बना रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन सभी को बिना अनुमति प्रदर्शन करने और अन्य लोगों के लिए बाधा उत्पन्न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 
उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। तमिलनाडु के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक दलों एवं नागरिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं का संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। रविवार को दक्षिण चेन्नई के बसंत नगर इलाके में आठ लोगों के समूह ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। 
उन्होंने ‘कोलम’ बनाकर सीएए, राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी (एनपीआर) के प्रति विरोध जताया तथा ‘नो टू एनसीआर’, ‘नो टू एनपीआर’ एवं ‘नो टू एनआरसी’ के नारे लगाए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया, “हमने उन्हें चेतावनी देकर बाद में छोड़ दिया।” हिरासत में लिए गए लोगों ने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी की गई। 

Desk Team