व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा

Summary :

South-West District Crime News : साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने इस गिरोह के नौ लोगों को केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब से गिरफ्तार किया है। इनके तार कतर और दुबई से भी जुड़े मिले हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों का संबंध 34 शिकायतों में 15.71 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी से जुड़ा मिला है। इनमें 2.70 करोड़ की ठगी के सात मामले दिल्ली के हैं। डीसीपी (साउथ-वेस्ट) अमित गोयल ने बताया कि मामला पालम कॉलोनी…

South-West District Crime News : साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने इस गिरोह के नौ लोगों को केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब से गिरफ्तार किया है। इनके तार कतर और दुबई से भी जुड़े मिले हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों का संबंध 34 शिकायतों में 15.71 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी से जुड़ा मिला है। इनमें 2.70 करोड़ की ठगी के सात मामले दिल्ली के हैं।

डीसीपी (साउथ-वेस्ट) अमित गोयल ने बताया कि मामला पालम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से शुरू हुआ। पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर उसे निवेश सीखने का प्लेटफार्म बताया गया। इसके बाद पीड़ित को एक फर्जी ट्रेडिंग एप के जरिए निवेश के लिए तैयार किया। उसने अलग-अलग बैंक खातों में 4.82 लाख रुपये जमा कराए गए। जब रुपये निकालने की बारी आई तो आईपीओ अलॉटमेंट व अन्य बहानों से करीब 7.81 लाख रुपये और जमा करने को कहा। शक होने पर पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत की, जिसके बाद साइबर थाना (साउथ-वेस्ट) में मामला दर्ज हुआ। एसएचओ प्रवेश कौशिक की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।

चार राज्यों में फैला था नेटवर्क

जांच के दौरान पैसों का ट्रेल महाराष्ट्र पहुंचा, जहां से शोएब दिलावर सैयद को गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल से आपत्तिजनक व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपी ‘Brotherhood’ नामक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े थे, जिसमें बैंक खातों की जानकारी साझा की जाती थी। इसके बाद गुजरात से शेख रियाजुद्दीन इम्तियाज, कमाल शाह कादर शाह, सिद्दीकी मोहम्मद सिद्दीक मुफीद भाई और हमजा हुमायूं, केरल से मुजम्मिल थैब और जमालुद्दीन फैसल, जबकि पंजाब से सरबजीत सिंह और सोनिया शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में कतर कनेक्शन सामने आया। पुलिस को आशंका है कि सैम उर्फ समीर दुबई से गिरोह की गतिविधियों का समन्वय कर रहा था। रिया, सैम, फरहाज और एक बैंक कर्मचारी की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस इनसे सारा रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Sumant Chaudhary