AIIMS : बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज की समय रहते पहचान और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0 के ऑपरेशनल दिशा-निर्देश 2026 में टाइप-1 डायबिटीज स्क्रीनिंग को शामिल किया गया है। इसके तहत बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानने के लिए ‘4 टी’ यानी बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, लगातार थकान रहना और वजन कम होना जैसे संकेतों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
इस संबंध में एम्स, नई दिल्ली और एचआरआईडे की ओर से 23 नवंबर सोमावार को ‘बियॉन्ड डायग्नोसिस: लिविंग वेल विद टाइप-1 डायबिटीज एट होम, इन स्कूल्स एंड कम्युनिटीज’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्व मधुमेह माह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में डॉक्टरों, सरकारी प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों और टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में बाल स्वास्थ्य एवं आरबीएसके की प्रभारी उप आयुक्त डॉ. शोभना गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। एम्स के एंडोक्राइनोलॉजी एवं मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख प्रो. निखिल टंडन और एचआरआईडे की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा ने भी विचार रखे।
टाइप-1 डायबिटीज में केवल इंसुलिन लेना और ब्लड शुगर की जांच करना पर्याप्त नहीं
एम्स के डायरेक्टर डॉ. निखिल टंडन ने बताया कि टाइप-1 डायबिटीज में केवल इंसुलिन लेना और ब्लड शुगर की जांच करना पर्याप्त नहीं है। बच्चों को घर, स्कूल और समाज में सहयोगपूर्ण माहौल देना भी जरूरी है। नियमित इंसुलिन, ब्लड शुगर की निगरानी, संतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधि और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।
दिशा-निर्देशों के तहत मौके पर ही ब्लड ग्लूकोज जांच और जरूरत पड़ने पर जिला अस्पतालों के गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिकों में रेफर करने का भी प्रावधान है। विशेषज्ञों ने कहा कि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने से बच्चों को समय पर इलाज मिल सकता है।


Download Android App
Download iOS App




