Greater Noida पुलिस ने पिछले साल नवंबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता पर हुए हमले में कथित संलिप्तता के लिए वांछित दो लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
Highlights:
- आरोपी रणदीप भाटी गिरोह के सदस्य हैं
- आरोपी की सूचना देने वाले को 25,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई थी
- आरोपी के पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए
भाजपा कार्यकर्ता संचित शर्मा उर्फ सिंगगा पंडित पर हमला करने के आरोपी रणदीप भाटी गिरोह के सदस्य हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद महेश शर्मा के करीबी सहयोगी संचित शर्मा पर तीन नवंबर की रात ग्रेटर नोएडा में कुछ अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया था। इसके बाद बीटा-दो थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी शिवम और अजय की सूचना देने वाले को 25,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई थी। दोनों बदमाश दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया, ‘‘बुधवार दोपहर सूचना के आधार पर अल्फा गोल चक्कर के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।’’ पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान नौ लोगों के नाम सामने आए थे, जिनमें से चार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो ने स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस ने कहा कि आरोपी शिवम और अजय के खिलाफ एक नयी प्राथमिकी दर्ज की गई है और कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





